रामपुर के कोयला टोल प्लाजा पर शुक्रवार शाम करीब चार बजे एक महिला कर्मी के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवक बिना टोल दिए कार से निकल रहे थे, महिला कर्मी ने रोककर टोल मांगा तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ आगे जाकर उन्होंने कार रोकी और महिला कर्मी को अपने पास बुलाया। आरोप है कि वहां एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और विरोध करने पर दोनों कार से उतरकर उसके साथ मारपीट करने लगे।
महिला कर्मी की चीख-पुकार सुनकर टोल पर तैनात अन्य कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित युवक धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। भोट थाना क्षेत्र के कोयल गांव के पास स्थित इस टोल प्लाजा पर तैनात महिला कर्मी गंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के अनुसार महिला कर्मी की ओर से मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान भोट थाना क्षेत्र के खौदपुरा गांव निवासी गुलवेज और स्वार निवासी नदीम के रूप में हुई है। भोट थाना प्रभारी सोहन पाल सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को पकड़ लिया गया है और शांति भंग में उनका चालान कर दिया गया है।
इधर, घटना के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश है। विश्व हिंदू परिषद मेरठ प्रांत के प्रांत संत संपर्क प्रमुख धर्म प्रसार अनिल वशिष्ठ का कहना है कि टोल पर दो मुस्लिम युवकों द्वारा हिंदू लड़की के साथ गलत व्यवहार किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ने दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की है और पुलिस की लापरवाही से ऐसे लड़कों को गलत काम करने का बढ़ावा मिलता है।
