गुरु नानक जयंती के अवसर पर रविवार को रांची में निकलने वाली गुरु नानक सत्संग शोभायात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सुबह आठ बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर गुजरेंगे। वहीं, दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। पूर्व निर्धारित नो-इंट्री का समय पहले की तरह लागू रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक और रतन पीपी होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। शोभायात्रा के गुजरने के दौरान मेट्रो स्ट्रीट, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक सहित संबंधित मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।

शोभायात्रा के दौरान सुजाता चौक से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन रतन पीपी से दाएं मुड़कर कर्बला चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहर दो बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक मेट्रो स्ट्रीट, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, उर्दू लाइब्रेरी चौक, राधाकृष्णन चौक और सुजाता चौक की ओर जाने से बचें।

शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने की अपील की गई है। इसके लिए रामविलास पेट्रोल पंप के बगल में स्थित सुरजीत मोटर (पंजाबी) गैरेज और लेजर पंप के सामने शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि शोभायात्रा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे।