भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी गांव में 16 वर्षों बाद आयोजित ऐतिहासिक बगडवाल नृत्य का समापन जीतू बगडवाल के हरण के मार्मिक प्रसंग के साथ हुआ। लोकगाथा के इस अंतिम पड़ाव का मंचन होते ही माहौल भावुक हो उठा और महिलाओं तथा घियाणियों की आंखें छलक पड़ीं। 28 दिनों तक चले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान ने रांसी गांव सहित पूरी मदमहेश्वर घाटी को लोक संस्कृति और भक्ति के रंग में सराबोर रखा।

अंतिम दिन जीतू बगडवाल हरण का प्रसंग मुख्य आकर्षण रहा। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, जागरों और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत इस वीरगाथा ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। बगडवाल नृत्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके जरिए जीतू बगडवाल की गाथा पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत रखी जाती है।

राकेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन भट्ट ने कहा कि 16 वर्षों के लंबे अंतराल बाद इस आयोजन का होना समूची मदमहेश्वर घाटी के लिए गौरव का विषय है। 28 दिनों तक चले इस अनुष्ठान ने नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक विरासत से जुड़ने का अवसर दिया। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले ग्रामीणों, प्रवासियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

समिति के पूर्व अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने कहा कि बगडवाल नृत्य महज मनोरंजन नहीं, बल्कि लोक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत स्वरूप है। बद्री-केदार मंदिर समिति के पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत ने कहा कि जीतू बगडवाल की गाथा का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत रावत ने कहा कि 28 दिनों तक गांव में गूंजते जागरों और लोकगीतों के थमने के साथ एक ऐतिहासिक आयोजन का समापन हुआ, लेकिन इसकी स्मृतियां लंबे समय तक क्षेत्रवासियों के मन में जीवंत रहेंगी।