राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने घोषणा की है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जनपद की सभी 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह घोषणा उन्होंने ऋषिकुल मैदान में आयोजित पार्टी के राष्ट्रवादी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए की।

शेर सिंह राणा ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता प्रदेश के मूल निवासियों, किसानों, युवाओं और गरीब वर्ग को उनके हक और अधिकार दिलाना है, और इसके लिए पार्टी हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी। महासम्मेलन में पार्टी ने पांच प्रमुख मांगें भी जारी कीं।

इन मांगों में फैक्ट्रियों में उत्तराखंड के स्थायी निवासियों को 70 प्रतिशत रोजगार देने के लिए प्रभावी कानून लागू करना, खादर क्षेत्र के स्थानीय लोगों को खनन कार्यों में उचित हिस्सेदारी और रोजगार के अवसर देना, किसानों के लिए खेती की बिजली मुफ्त करना, शुगर मिलों का संचालन शुरू होने से पहले गन्ना मूल्य घोषित करना और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सात विस्थापित गांवों के निवासियों को शीघ्र भूमिधरी का अधिकार प्रदान करना शामिल है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और प्रत्याशियों को जिताने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाला पंचायत चुनाव भी पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी। सम्मेलन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।