Redmi Note 18 सीरीज चीन में लॉन्च होने की तैयारी में बताई जा रही है। सर्टिफिकेशन लिस्टिंग से पता चलता है कि कंपनी अपने होम मार्केट में इस सीरीज को उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इस साल चीन में Note 17 को जुलाई में और Note 17 5G को अगस्त में लॉन्च किया था, जो बड़ी बैटरी के साथ आए थे। अब अपकमिंग सीरीज की बैटरी और चार्जिंग को लेकर डिटेल्स सामने आ रही हैं।
टिपस्टर PaperKing13 ने दावा किया है कि Redmi Note 18 5G असल में Note 17 5G का ही रीब्रांड वर्जन होगा और कंपनी ने सिर्फ बैटरी कैपेसिटी में बदलाव किया है। टिपस्टर ने सोशल मीडिया पर कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं, जिनमें रेडमी के अपकमिंग स्मार्टफोन के चाइना वेरिएंट की डिटेल्स होने का दावा किया गया है। इस स्मार्टफोन का कोडनेम mist और मॉडल नंबर M077CE बताया गया है, जो Redmi Note 18 या Redmi Note 18 5G और Poco M8 Power 5G के नाम से एंट्री कर सकता है।
टिपस्टर के दावे के मुताबिक, चाइना मॉडल में BM79 8,000mAh बैटरी से लेकर BN84 8,888mAh बैटरी दी जा सकती है, जबकि ग्लोबल वेरिएंट BM7A 7,700mAh से BN85 8,100mAh बैटरी पैक के साथ लॉन्च किया जा सकता है। अपकमिंग फोन 45W चार्जिंग सपोर्ट करेंगे, जैसा Note 17 5G में दिया गया था। मौजूदा Redmi Note 17 5G में क्वालकॉम का Snapdragon 4 Gen 4 प्रोसेसर, 6.99-इंच FHD+ 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 50-मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा दिया गया था। Poco M8 Power को कंपनी बड़ी बैटरी के साथ अगस्त में लॉन्च कर चुकी है और यह Redmi Note 17 5G का हायर बैटरी वेरिएंट है, ऐसे में Redmi Note 18 5G ग्लोबल मार्केट में Poco M8 Power का रीब्रांड वर्जन हो सकता है।
Redmi ने फिलहाल अपने अपकमिंग स्मार्टफोन के बारे में कोई ऑफिशियल जानकारी शेयर नहीं की है। उम्मीद है कि Redmi Note 18 सीरीज को चीन में जनवरी 2027 में लॉन्च किया जा सकता है।
