रोहतक के आर्य नगर थाना क्षेत्र में 100 रुपये के लेन-देन के विवाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग गिनती राम वर्मा की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने पड़ोसी दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है।
शिवाजी कॉलोनी निवासी मृतक के बेटे रिंकू वर्मा ने बताया कि उनके पिता की अशोक रोड पर साइकिल टायर पेंचर की दुकान है। पड़ोस के दुकानदार से उनका 100 रुपये का लेन-देन था। 5 नवंबर को वह रुपये मांगने गए थे। आरोप है कि दुकानदार ने कहा कि उनके 50 रुपये बनते हैं, जबकि बुजुर्ग 100 रुपये की मांग कर रहे थे।
आरोप है कि रुपये देने के बजाय दुकानदार ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बुजुर्ग को धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बुजुर्ग ने अपने बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी। रिंकू मौके पर पहुंचे और उन्हें रोहतक पीजीआईएमएस लेकर आए, जहां इलाज के बाद वे घर चले गए।
बताया गया कि बाद में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
