रोहतक पीजीआई में अंगदान के तहत मिली किडनी का झज्जर निवासी 44 वर्षीय रेखा में सफल प्रत्यारोपण किया गया। दोनों किडनी खराब होने के कारण रेखा पिछले एक साल से डायलिसिस पर थीं। वीरवार को चिकित्सकों की टीम ने प्रत्यारोपण किया और आपरेशन के बाद नई किडनी ने काम करना शुरू कर दिया है। फिलहाल रेखा को आईसीयू में रखा गया है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पीजीआई के जनसंपर्क अधिकारी डा. मंजूनाथ बीसी ने बताया कि अंगदान के बाद नियमानुसार अभिषेक की दो किडनी में से एक नोटो और दूसरी सोटो को आवंटित की गई थी। सोटो के हिस्से आई किडनी पीजीआई को मिली, जिससे रेखा का प्रत्यारोपण किया गया। वहीं, दूसरी किडनी नोटो के माध्यम से एक अन्य महिला को प्रत्यारोपित की गई।

रेखा को करीब तीन साल पहले कमर में दर्द की परेशानी हुई थी। धीरे-धीरे उनकी किडनी की स्थिति बिगड़ती गई और दोनों किडनी खराब हो गईं, जिसके बाद उन्हें डायलिसिस करवाना पड़ रहा था। रेखा के परिवार में 13 साल का बेटा और 14 साल की बेटी है। लंबे समय से प्रत्यारोपण का इंतजार कर रही रेखा के लिए अंगदान से मिली किडनी नई उम्मीद लेकर आई है।

प्रत्यारोपण के बाद परिवार को उम्मीद है कि अब उन्हें डायलिसिस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेखा की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।