राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह ‘राष्ट्र वंदनम्’ का आयोजन रविवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर होगा। इस समागम में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में उद्बोधन देंगे, जिसमें देश के लिए भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।

आयोजन में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सहसरकार्यवाह अरुण कुमार और डॉ. कृष्णगोपाल के अलावा कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के शीर्ष पदाधिकारी शिरकत करेंगे। बालीवुड कलाकार, रंगकर्मी, साहित्यकार, लोक गायिकाएं, नृत्यांगनाएं, नामचीन खिलाड़ी और विशिष्ट जन भी समागम के साक्षी बनेंगे।

80 एकड़ में फैले समरसता स्थल पर केदार नगर, कल्याण नगर और शरण नगर नामक तीन टेंट सिटी बसाई गई हैं। पूरा आयोजन संघ के ‘पंच परिवर्तन’ – सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य के संदेश पर केंद्रित रहेगा। करीब एक लाख स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल होंगे, जिनमें करीब 10 हजार स्वयंसेवक शारीरिक सौष्ठव और आसन का प्रदर्शन करेंगे तथा 800 घोष वादक समां बांधेंगे। साज-सज्जा की जिम्मेदारी 2,000 महिलाओं ने संभाली है।

परिसर में प्रवेश के लिए 19 द्वार बनाए गए हैं, जिनमें आठ मुख्य विभागवार रंगीन द्वार हैं। पूर्व पंजीकरण, क्यूआर कोड और पहचान स्वरूप हाथ में बंधे विशेष ‘कलावा’ के बिना किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोजन स्थल से एक किलोमीटर पहले पांच हजार बसों और 50 हजार कारों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। रिठाला से बवाना यूईआर-2 तक का मार्ग भगवा ध्वजों और तोरण द्वारों से सजाया गया है तथा टैंकरों से पानी का छिड़काव कर मार्ग को धूल मुक्त रखा जा रहा है। परिसर में प्लास्टिक क्रशिंग के दो प्लांट भी लगाए गए हैं, ताकि शून्य कचरा सुनिश्चित हो सके।