एसटीएफ कुमाऊं की टीम ने शनिवार को रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के नाम पर चल रहे कथित फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास खड़ी दो कारों में छापा मारकर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों कारों में बैठकर ग्राहकों से वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूली जा रही थी।

एसटीएफ के उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी की टीम मंडी निदेशालय तिराहे के पास थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद सिडकुल चौकी पुलिस को जानकारी देकर अतिरिक्त बल बुलाया गया और संयुक्त टीम ने मौके पर दोनों कारों की घेराबंदी की। एक कार में चालक की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम प्रवीण बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर बताया, जबकि दूसरी कार में लैपटॉप पर काम कर रहे व्यक्ति की पहचान पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई। दोनों दस्तावेज बनाने का लाइसेंस नहीं दिखा सके।

तलाशी में प्रवीण की कार से 55 आरसी और 13 फार्म-30 तथा पंकज की कार से 20 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस और छह फार्म-30 बरामद हुए। इसके अलावा एक लैपटॉप, कैनन कंपनी का प्रिंटर, माउस और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे वाहन स्वामियों को सरकारी शुल्क की सही जानकारी नहीं देते थे और सरकारी फीस से अधिक रकम को ही सरकारी शुल्क बताकर वसूलते थे। उनका कहना था कि सरकारी फीस में मुनाफा नहीं होता, इसलिए वे ग्राहकों से करीब दोगुनी रकम लेते थे।

आरोपितों ने यह भी बताया कि किच्छा के सिरौली कलां निवासी देवेंद्र उन्हें आरटीओ कार्यालय के अंदर से आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सरकारी दस्तावेज लाकर देता था और बदले में अतिरिक्त रकम लेता था। एसटीएफ ने दोनों आरोपितों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 और 318(4) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। बरामद दस्तावेज, लैपटॉप और प्रिंटर को सील कर कब्जे में लिया गया है। एसटीएफ पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और आरटीओ कार्यालय के अंदर से सरकारी दस्तावेज बाहर पहुंचने के आरोपों की जांच कर रही है। देवेंद्र की भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।