सफीदों के रियल एस्टेट कारोबारी नरेंद्र बैरागी के परिवार में 60 साल बाद बेटी का जन्म हुआ है। परिवार की तीसरी पीढ़ी में जन्मी बेटी का नाम राधा रखा गया है। रविवार को उसके स्वागत में 'राधा का मंगलोत्सव' आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और महाराष्ट्र से करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।

सफीदों के जींद रोड स्थित ट्रक यूनियन ग्राउंड में 4 एकड़ में विशाल पंडाल सजाया गया है और मेहमानों के वाहनों के लिए 5 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य मेहमानों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं। व्यवस्थाएं संभालने के लिए सैकड़ों स्वयंसेवकों, सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मेहमानों के लिए तैयार विशेष थाली में इंपोर्टेड फल, 10 प्रकार के स्नैक्स, 9 सब्जियां, 7 मिठाइयां और विभिन्न प्रकार की रोटियां शामिल हैं। हरियाणवी खानपान की झलक के लिए हरा साग, गुड़, शक्कर और बूरा भी मेन्यू में रखा गया है। भोजन तैयार करने के लिए 500 से अधिक कारीगर लगाए गए हैं, जबकि परोसने के लिए 1000 वेटर तैनात रहेंगे।

बेटी का नाम राधा होने के चलते कार्यक्रम की थीम राधा रानी पर आधारित रखी गई है। उत्सव में वृंदावन के कुंज बिहारी दास जी महाराज, उमा लहरी, शीतल पांडेय और मयंक बृजवासी सहित कई भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है। हरियाणवी गायक अमित सैनी रोहतकिया, केडी, एमडी, बिंदर दनौदा और गगन भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। परिवार में दशकों से चली आ रही परंपरा के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे कुआं पूजन किया जाएगा। परिवार का कहना है कि इस आयोजन से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सम्मान का संदेश देना है और इसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से भी जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विदेश में होने के कारण उत्सव में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर, आधा दर्जन मंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों, राष्ट्रीय महामंत्री विप्लब देव, 15 से अधिक मेयर और चेयरमैन सहित कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना है। विपक्ष के प्रमुख नेताओं और स्वामी राघवानंद व संपूर्णानंद सहित कई संतों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे कैप्टन योगेश बैरागी करीब 10 साल तक पायलट रहे और पिता का राजनीतिक सपना पूरा करने के लिए 2023 में नौकरी छोड़कर राजनीति में सक्रिय हुए। 2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें जुलाना से टिकट दिया, जहां उनका मुकाबला अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फौगाट से हुआ और वे करीब 5 हजार वोटों से हार गए। इस समय योगेश बैरागी हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चैयरमेन हैं।