सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के मोहनपुरा गांव निवासी और उप्र पुलिस में सिपाही सीमांत कुमार ने बिना दहेज विवाह कर समाज के सामने मिसाल पेश की है। उन्होंने शादी में लाखों रुपये का दहेज लेने से इनकार कर दिया और शगुन में केवल एक रुपया और नारियल स्वीकार किया। उनका विवाह 26 नवंबर 2026 को शामली जिले के कंडेला उर्फ शेखूपुर गांव की शिवानी से हुआ। शिवानी के पिता जगतार सिंह किसान हैं।
सीमांत कुमार के मुताबिक, रोकने की रस्म में लड़की पक्ष ने एक लाख 51 हजार रुपये तिलक देने की बात कही थी, लेकिन उनके पिता बैरिस्टर कुमार ने सिर्फ एक रुपया और नारियल लिया। सगाई में पांच लाख 51 हजार रुपये देने की पेशकश भी परिवार ने ठुकरा दी। बैरिस्टर कुमार मेरठ पुलिस कार्यालय में हेड कांस्टेबल हैं।
सीमांत की बड़ी बहन सपना 2016 बैच की सिपाही हैं और देरादून पुलिस में तैनात हैं, जबकि छोटी बहन पारुल 2021 बैच की हैं और बिजनौर पुलिस में सेवाएं दे रही हैं। समाजशास्त्र में एमए कर चुकी शिवानी ने इस फैसले पर खुशी जताई है।
