दिल्ली की साकेत कोर्ट ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह वारंट 2018 के एक मानहानि मामले से जुड़ा है, जिसमें विकास सांकृत्यायन ने शिकायत दर्ज कराई थी। जमानती वारंट जारी होने के 37 दिन बाद कोर्ट ने यह सख्त आदेश दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-दो’ वीडियो से संबंधित है। शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। उल्लेखनीय है कि इस वीडियो को रीट्वीट करने के लिए अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी, जबकि ध्रुव राठी के खिलाफ कार्यवाही जारी रही।

साकेत कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने 12 अक्टूबर को शिकायतकर्ता की अर्जी पर सुनवाई के बाद नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया था। अदालत को बताया गया था कि राठी सामान्य तौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं और फिलहाल भारत में हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता को प्रक्रिया सर्वर के साथ जाकर समन तामिल कराने की अनुमति दी गई थी। आरोप है कि राठी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित उनके आवास के बाहर समन चस्पा किया गया था।

कोर्ट ने 15 अक्टूबर को समन जारी कर दो दिन में पेश होने को कहा था, तब ध्रुव राठी सीजेपी आंदोलन को लेकर भारत में ही थे। वहीं, 17 अक्टूबर को ध्रुव राठी की ओर से पेश अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि वे लंदन चले गए हैं, इस कारण वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हो सकते। जिसके बाद कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। अब मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।