बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने पनवेल फार्महाउस पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की टीम को महंगी घड़ियां भेंट कीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन घड़ियों की कीमत 2 लाख से 6 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्यक्रम फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने के दो दिन बाद आयोजित किया गया। टीम को पहले बताया गया था कि फार्महाउस पर फिल्म के प्रमोशन को लेकर बैठक होगी, लेकिन सलमान ने लग्जरी तोहफे देकर सभी को चौंका दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने फिल्म से जुड़े करीब 20 से 25 लोगों को घड़ियां भेंट कीं।
खबरों के मुताबिक, ये घड़ियां कपूर वॉच कंपनी से खरीदी गईं। पुरुष सदस्यों को Longines और TAG Heuer ब्रांड की घड़ियां दी गईं, जबकि महिला सदस्यों को Rado की घड़ियां भेंट की गईं। सलमान ने खुद सभी को ये तोहफे दिए।
इस मौके पर निर्देशक अपूर्व लाखिया के अलावा चित्रांगदा सिंह, अंकुर भाटिया, विपिन भारद्वाज और तान्या देसाई भी मौजूद थे। फिल्म के डायलॉग राइटर चिंतन शाह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। टीम के कुछ सदस्यों ने सोशल मीडिया पर इस शाम की तस्वीरें साझा कीं। बता दें कि यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सलमान खान ने एक इवेंट में कहा था कि 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए टिकट की कीमत 11 रुपये रखी गई है।
