संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवसेना यूबीटी नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि सरकार के पास जरूरी संख्या से 40 से 45 सांसद कम पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कमी को पूरा करने के लिए छोटी पार्टियों को तोड़ने और सांसदों को खरीदने की तैयारी की जा रही है। राउत ने कहा कि सांसदों को खरीदने के लिए 150 करोड़ रुपये की रकम तय की गई है और इस काम के लिए महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री को जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया।
राउत ने कहा कि शीतकालीन सत्र इसलिए नहीं हो रहा है क्योंकि सरकार परिसीमन बिल किसी भी हालत में पारित कराना चाहती है। उनका आरोप है कि पार्टी व्हिप तोड़कर वोट करने वाले सांसदों को अयोग्य नहीं ठहराया जाएगा। इन दावों पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि राउत की खासियत झूठ बोलना है। उन्होंने सवाल किया कि 150 करोड़ रुपये देने की बात किसने बताई, उसे सामने लाया जाए।
बता दें कि प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है। इसका मकसद 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है। अप्रैल में हुए मतदान के दौरान बिल को पर्याप्त सांसदों का समर्थन नहीं मिल सका था।
विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। 543 सदस्यों वाले सदन में 361 वोटों की जरूरत होगी, लेकिन तीन सीटें खाली होने के कारण अभी सदन में 540 सदस्य हैं। रिपोर्टों के अनुसार, सत्ताधारी NDA के पास 320 सदस्य हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी।
