उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार गांव में रविवार को एक गैराज में आग लग गई। दमकल विभाग के मुताबिक, दोपहर करीब 1:15 बजे मस्जिद के पास रमेश डॉक्टर वाली गली में गैराज में आग लगने की सूचना मिली थी। आग गैराज के ग्राउंड फ्लोर पर बनी ई-रिक्शा पार्किंग में लगी थी।

सूचना मिलने पर दमकल की दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर और एक क्यूआरवी मौके पर भेजी गई। दमकल अधिकारी सीताराम की निगरानी में कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 2:05 बजे आग पर काबू पाने की सूचना दी गई और शाम करीब 4:05 बजे बुझाने की कार्रवाई पूरी होने पर स्टॉप संदेश जारी किया गया।

घटना में पार्किंग में खड़े 18 ई-रिक्शा जलकर खाक हो गए। दमकलकर्मियों ने इमारत की तीसरी मंजिल से दो बच्चों, दो पुरुषों और दो महिलाओं समेत छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। आगे की जांच स्थानीय पुलिस कर रही है।