वाराणसी में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर सारनाथ पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित उखड़ी सरदा मऊ के राहुल कुमार गोंड़ सिगरा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि राजीवपुर उत्तराखंड के अरुण चौधरी, ग्राम साबका रसड़ा बलिया के चंदन, काशीपुर शाहपुर गोरखपुर के भारतेंदु मिश्रा, कुशीनगर के अभिषेक मिश्रा उर्फ करुण निधान मिश्रा और सुनील सिंह से उनका संपर्क हुआ। इनकी बातों में आकर उन्होंने वर्ष 2021 में रेलवे में नौकरी के लिए 9 लाख 70 हजार रुपये इन लोगों के खाते में भेज दिए।
पीड़ित के मुताबिक, अभिषेक मिश्रा की ओर से दिए गए मेडिकल परीक्षण के बुलावा पत्र के साथ वह पहुंचे तो पता चला कि वहां कोई भर्ती परीक्षा केंद्र नहीं है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है।
मामले में पीड़ित की तहरीर पर कोर्ट के आदेश से सारनाथ पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
