घरेलू शेयर बाजार में लंबी तेजी के बाद आज ब्रेक लग गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 700 अंक से अधिक गिरकर 81,814 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी50 200 अंक से ज्यादा फिसलकर 25,200 के स्तर से नीचे चला गया। इस गिरावट से निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। ब्रॉडर बाजार में भी कमजोरी रही; निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 250 में एक फीसदी गिरावट आई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61% गिरकर 82,031.81 अंक पर बंद हुआ, और निफ्टी 159.45 अंक यानी 0.63% नीचे 25,227.95 अंक पर रहा।

सेंसेक्स के शेयरों में टाइटन में सबसे ज्यादा करीब 5 फीसदी गिरावट आई। बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, टीसीएस, इटरनल, इन्फोसिस और महिंद्रा एंड महिंद्रा में दो फीसदी गिरावट रही, जबकि ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राकेटक सीमेंट के शेयरों में तेजी रही। सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इस बीच स्पाइसजेट का शेयर अपर सर्किट में चला गया। कंपनी के बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना और ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। शेयर पिछले सत्र के 9.50 रुपये से बढ़कर 9.97 रुपये पर पहुंच गया।

गिरावट के कारणों की बात करें तो सेबी के चेयरमैन तुहीन कांत पांडे ने कहा है कि मार्केट रेगुलेटर मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी यानी MTF लिमिट को स्टॉक फ्री फ्लोट के साथ लिंक करने पर विचार कर रहा है, हालांकि इस बारे में अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। सेबी एमटीएफ से जुड़े नियमों की समीक्षा कर रहा है। दूसरा कारण अमेरिका-ईरान तनाव है; अमेरिका ने ईरान पर फिर हमले किए हैं और दावा किया है कि यह कार्रवाई ईरानी हमले के जवाब में की गई है। जेफरीज में इक्विटी स्ट्रैटजी के ग्लोबल हेड क्रिस्टोफर वुड का कहना है कि मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने से भारत पर असर पड़ सकता है, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का करीब 90 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है।

तीसरा कारण फेड रेट से जुड़ा है। सेंट लुई के फेड प्रेसिडेंट अलबर्टो मुसेलम ने कहा है कि अगर महंगाई बेकाबू रहती है तो फेडरल बैंक आने वाले महीनों में कई बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है, जिससे विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय बाजार ज्यादा आकर्षक नहीं रह जाएगा। चौथा कारण मुनाफावसूली है। इस महीने अब तक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 11 फीसदी तेजी आई थी। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा है कि भारी तेजी के बाद बाजार में करेक्शन आ सकता है, लेकिन यह गिरावट ज्यादा देर नहीं रह सकती क्योंकि अभी तेजड़िए हावी हैं।