शेख हसीना के मुल्क वापसी की तारीख सामने आ गई है। खबर है कि वह 16 दिसंबर को ढाका वापसी की तैयारी कर रही हैं। हालांकि, इस पर बांग्लादेश सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। खास बात है कि पहली बार पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के लौटने की स्पष्ट तारीख सामने आई है। वह दो साल से भारत में रह रही हैं और उनके प्रत्यर्पण को लेकर नई दिल्ली और ढाका के बीच तनाव बना हुआ है।

बातचीत में हसीना के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है। खास बात है कि 16 दिसंबर को ही बांग्लादेश 1971 के युद्ध के बाद पाकिस्तान से आजाद हुआ था। उन्होंने वापसी के लिए बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से लौटने की इच्छा जताई है। इस संबंध में बांग्लादेश सरकार को सूचित कर दिया गया है।

बातचीत में प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने कहा कि चूंकि शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत आई थीं, इसलिए वह सरकार से अपील कर रही हैं कि दिल्ली से वापस ढाका आने के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि संविधान के खिलाफ जाकर उन्हें इस तरह देश से बाहर भेजने के बाद अब सरकार का यह कर्तव्य है कि वह 16 दिसंबर को विजय दिवस पर उनकी बांग्लादेश वापसी का रास्ता साफ करे।

बांग्लादेश लगातार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की कोशिशें कर रहा है। आवामी लीग नेता ने उनके ढाका लौटने के लिए पहचान पत्र और पासपोर्ट की अपील की थी। वह नागरिक के तौर पर ढाका जाना और मुकदमे का सामना करना चाहती हैं। बांग्लादेश की अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई है। ढाका का कहना है कि हसीना को एक आम यात्री के रूप में लौटने की अनुमति देने के बजाय द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से वापस लाया जाना चाहिए। उन्हें 2024 में प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई के सिलसिले में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए नवंबर 2025 में उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया गया था। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और अदालत के सामने सरेंडर करने की मंशा जताई है। उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के कारण उनकी सरकार गिरने के बाद देश छोड़कर जाने पर अंतरिम सरकार ने उनका पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था।