बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को अपने देश लौटने का ऐलान किया है। उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वैध पासपोर्ट नहीं होने के कारण वह कैसे वापस जाएंगी। खबर आ रही है कि वह हवाई मार्ग के बजाय सड़क मार्ग से बांग्लादेश में प्रवेश करने के विकल्प पर विचार कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के नेताओं और समर्थकों ने पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा से सटे कई सीमा चौकियों की रेकी भी की है।
जिन प्रमुख सीमा चौकियों के जरिए शेख हसीना की वापसी पर विचार चल रहा है, उनमें पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित पेट्रापोल-बेनापोल बॉर्डर क्रॉसिंग सबसे प्रमुख है। पेट्रापोल दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा लैंड पोर्ट है जो दोनों देशों के बीच व्यापार और आवाजाही का मुख्य केंद्र है। दूसरी ओर बेनापोल बांग्लादेश का सबसे बड़ा लैंड पोर्ट है।
सूत्रों का कहना है कि बिना वैध पासपोर्ट के शेख हसीना के लिए किसी भी विमान में सवार होना संभव नहीं है, इसीलिए सड़क मार्ग का विकल्प तलाशा जा रहा है। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद 22 अगस्त, 2024 को उनका राजनयिक पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। 16 फरवरी, 2025 को उनका राष्ट्रीय पहचान पत्र भी निरस्त कर दिया गया था।
इससे पहले 9 नवंबर को लंदन स्थित कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स के माध्यम से शेख हसीना के वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को पत्र लिखकर नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया था। शेख हसीना ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार से उन्हें दिल्ली से ढाका लाने के लिए विमान भेजने की भी मांग की थी। हालांकि, बांग्लादेश में मौत की सजा का सामना कर रहीं शेख हसीना की इस मांग पर ढाका ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा है कि उन्हें केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।
शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए 16 दिसंबर का दिन चुना है। यह बांग्लादेश के इतिहास में 'विजय दिवस' के रूप में बेहद महत्वपूर्ण है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सशस्त्र बलों और मुक्ति वाहिनी की संयुक्त कमान के सामने आत्मसमर्पण किया था। 5 अगस्त, 2024 को छात्र आंदोलन के बाद से भारत में रह रहीं शेख हसीना ने इस साल 5 अगस्त को अपनी सरकार गिरने की दूसरी बरसी पर स्वदेश लौटने की इच्छा जताई थी।
उनकी वापसी के ऐलान के बाद से ही बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ गई है। आवामी लीग और सत्ताधारी बीएनपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हो रही हैं। बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण को भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों का केंद्रीय मुद्दा बना दिया है। भारत का कहना है कि प्रत्यर्पण एक कानूनी प्रक्रिया है जिस पर नियमों के तहत विचार किया जाएगा, जबकि शेख हसीना का तर्क है कि वे स्वेच्छा से लौटने को तैयार हैं। इस पूरे घटनाक्रम के चलते नवंबर के अंत या दिसंबर में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा भी अब टलती नजर आ रही है।
