शिमला जेल से पेशी पर आगरा लाया गया हत्यारोपित राजवीर सोमवार आधी रात को पुलिस की लापरवाही से होटल के कमरे से भाग निकला। पिनाहट निवासी राजवीर हत्या के आरोप में शिमला जेल में बंद है और उसके खिलाफ आगरा में भी मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज है। शिमला पुलिस के तीन सिपाही, जिनमें मुख्य आरक्षी गोल्डी शर्मा शामिल थे, उसे मंगलवार सुबह दीवानी न्यायालय में पेशी के लिए लाए थे और मदिया कटरा स्थित होटल वैभव पैलेस के कमरा संख्या 409 में ठहरे थे। स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।

इंस्पेक्टर लोहामंडी नीरज बाबू के अनुसार रात पौने दो बजे सिपाहियों को पता चला कि बंदी अपने कमरे में नहीं है। तलाश शुरू होने पर होटल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांची गई, जिसमें दिखा कि आरोपित प्रथम तल की बालकनी से बाहर रखे जनरेटर पर कूदकर होटल से निकल गया था। शिमला पुलिस ने हरीपर्वत थाने को सूचना दी और रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की गई।

मंगलवार सुबह पुलिस ने आरोपित के अधिवक्ता की मदद ली। अधिवक्ता के कहने पर राजवीर सुबह छह बजे होटल वापस लौट आया, जिसके बाद शिमला पुलिस उसे पेशी कराने के बाद वापस शिमला ले गई। मामले में शिमला पुलिस द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। शिमला पुलिस का कहना है कि आरोपित के दूसरे कमरे में सो जाने की गलतफहमी में स्थानीय पुलिस को सूचना देने की बात कही जा रही है।

घटना चर्चा में आने पर लोहामंडी पुलिस राजवीर से पूछताछ के लिए दीवानी पहुंची, जहां उसने परिचित महिला से मिलने जाने की बात बताई। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपित को शिमला पुलिस पेशी पर लाई थी और वह होटल से चला गया था, जिसकी लिखित शिकायत नहीं की गई है।