बॉलीवुड अभिनेत्री शर्वरी ने अपने करियर और परिवार को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि इस साल इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' और फिल्म 'ऐल्फा' के बाद वह सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आएंगी। शर्वरी के मुताबिक, इन दिग्गज फिल्मकारों का उन्हें चुनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सूरज बड़जात्या और इम्तियाज अली अपनी फीमेल करैक्टर बहुत खूबसूरती से लिखते हैं, जिनमें नजाकत के साथ निडरता और जिद भी होती है। इसीलिए लोग उनके किरदारों से जुड़ाव महसूस करते हैं।
शर्वरी ने कहा कि वह शुरू से अलग-अलग तरह के किरदार निभाना चाहती थीं और किसी इमेज में नहीं बंधना चाहती थीं। वेदा, मुंज्या, महाराज, एल्फा और ये प्रेम मोल लिया जैसी अलग दुनिया और किरदारों का हिस्सा बनना उन्हें एक्साइटिंग लगता है। उन्होंने बताया कि उनका अपनी मां और बड़ी बहन कस्तूरी के साथ बहुत स्पेशल बॉन्ड रहा है और दोनों उनके रोल मॉडल रहे हैं। शर्वरी के अनुसार, मेरे पैरंट्स मेरे सबसे बड़े चियरलीडर और सबसे बड़े क्रिटिक हैं, और उन्हें गर्व महसूस कराने के लिए ही वह इतना काम करती हैं।
अभिनेत्री ने बताया कि बंटी और बबली 2 की स्क्रिप्ट मिलने पर उन्होंने सीधे घर पहुंचकर वह स्क्रिप्ट अपने माता-पिता के हाथ में रखी थी। यह उनके लिए बहुत बड़ा पल था, क्योंकि उनके माता-पिता ने उनका सात साल का संघर्ष करीब से देखा था। उन्होंने यह भी बताया कि सात साल तक चले ऑडिशन और रिजेक्शन के दौर में उनमें रुकने नहीं देने की जिद थी, जो उन्होंने अपने माता-पिता से सीखी। रिजेक्ट होने पर वह फीडबैक मांगती थीं और हिंदी में मराठी एक्सेंट की बात कहने पर उन्होंने डिक्शन क्लासेस लीं, ताकि मौका मिलने पर कोई यह न कहे कि शर्वरी को यह नहीं आता।
