बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई में कक्षा छह (सत्र 2027-28) के नामांकन के लिए आयोजित प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। समिति के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में 600 बालक और 600 बालिका अभ्यर्थी सफल हुए हैं। कोटिवार परीक्षाफल समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। चयनित कुल 1200 अभ्यर्थी अब मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे।
मुख्य प्रवेश परीक्षा 23 दिसंबर को पटना मुख्यालय स्थित दो केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। बालक अभ्यर्थियों के लिए गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजेंद्र नगर और बालिका अभ्यर्थियों के लिए सर जीडीपीएसएस स्कूल, कदमकुआं को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें से प्रत्येक 150 अंकों का होगा। इस प्रकार पूरी परीक्षा 300 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे तथा प्रश्नों का स्तर कक्षा पांचवीं का होगा।
समिति के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र सात दिसंबर को दोपहर बाद वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। चयनित विद्यार्थी या उनके अभिभावक अपने यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र और अन्य विवरणों की जांच कर लें।
परीक्षार्थियों को दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा कक्ष में पहुंचना होगा। प्रथम पाली के लिए सुबह 9:30 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर एक बजे तक ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी, इसके बाद पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में कैलकुलेटर, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने या उनका इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध रहेगा।
