पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कैनबरा में ऑस्ट्रेलियाई संसद के वार्षिक दीपावली समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के लोगों के योगदान और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना की।

समारोह में स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों का व्यापार, विभिन्न पेशों और सार्वजनिक जीवन पर गहरा प्रभाव है। उन्होंने विशेष रूप से उन उद्यमियों का जिक्र किया जो दोनों देशों में रोजगार के अवसर पैदा करते हैं। साथ ही उन परिवारों और सामुदायिक संगठनों की भी तारीफ की जो पीढ़ियों से सांस्कृतिक संबंधों को बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं।

कैनबरा स्थित संसद भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्मृति ईरानी का स्वागत हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर मिल्टन डिक और वित्त मंत्री तथा महिला मामलों की मंत्री सीनेटर केटी गैलाघर ने किया। संसद में प्रश्नकाल के दौरान स्पीकर ने भी ईरानी का उल्लेख किया।