सोहना के नागरिक अस्पताल की स्थापना के करीब 50 साल बाद भी भवन मुख्य सीवर लाइन से नहीं जुड़ सका है। अस्पताल का गंदा पानी परिसर में बने तीन गड्ढों में जमा किया जा रहा है, जिन्हें हर दस दिन में सीवर टैंकर से खाली कराना पड़ता है। इस अस्थायी इंतजाम पर स्वास्थ्य विभाग का बजट लगातार खर्च हो रहा है।

अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 से 700 मरीज उपचार के लिए आते हैं। मरीजों के साथ उनके परिजन और स्टाफ भी दिनभर परिसर में मौजूद रहते हैं। ऐसे में गड्ढों में गंदा पानी जमा होने और उनके ओवरफ्लो होने की आशंका से संक्रमण का खतरा बना रहता है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर स्वच्छता और सीवर व्यवस्था का दुरुस्त होना जरूरी है।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रणविजय सिंह के अनुसार सीवर व्यवस्था की समस्या उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को कई बार फाइल भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अस्पताल भवन का उद्घाटन 22 मार्च 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता ने किया था।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार मांग उठाने के बावजूद मुख्य सीवर लाइन से कनेक्शन नहीं जुड़ने के कारण सरकारी बजट से टैंकरों पर लगातार खर्च किया जा रहा है। संबंधित विभाग से अपेक्षा है कि वह इस समस्या को गंभीरता से लेकर अस्पताल को मुख्य सीवर लाइन से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए, ताकि मरीजों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।