सेंचुरियन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन सोमवार को साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश की पहली पारी को महज 91 रन पर समेटकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। बारिश के कारण मैच लंच के बाद शुरू हुआ। टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी चुनी, जिसे उसके गेंदबाजों ने सही साबित किया। सेंचुरियन में टेस्ट की पहली पारी में बांग्लादेश का यह सबसे कम स्कोर है। पहले सत्र में बांग्लादेश ने छह विकेट 85 रन पर गंवाए, जबकि चाय के बाद उसके बाकी चार विकेट केवल छह रन जोड़कर गिरे।
मार्को यानसेन ने तंजीद हसन (3) को स्लिप में कैच कराया। चोट से वापसी कर रहे एनरिख नॉर्खिया ने महफिजुल इस्लाम (23) और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (4) को तीन गेंदों के भीतर आउट किया। वियान मुल्डर ने मोमिनुल हक (18) को बोल्ड किया, जबकि यानसेन ने लिटन दास (आठ) को गली में कैच कराया। तौहीद हृदोय (12) भी साइमन हार्मर की गेंद पर स्लिप में लपके गए। चाय के बाद कागिसो रबादा ने तीन विकेट लिए। रबादा ने 23 रन देकर और यानसेन ने 17 रन देकर तीन-तीन विकेट हासिल किए। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में बांग्लादेश का यह चौथा सबसे कम और कुल 12वां सबसे कम स्कोर है।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम को जल्दी झटका लगा। कप्तान एडेन मार्करम को इबादत हुसैन ने लिटन दास के हाथों कैच कराया। उन्होंने 23 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 21 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने एक विकेट पर 88 रन बना लिए हैं और वह बांग्लादेश से सिर्फ तीन रन पीछे है। मार्कस एकरमैन 46 और जुबैर हमजा नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दूसरे दिन साउथ अफ्रीका की कोशिश मजबूत स्कोर खड़ा करते हुए बांग्लादेश पर बड़ी बढ़त लेने की होगी, जबकि बांग्लादेशी टीम साउथ अफ्रीका को कम से कम स्कोर पर समेटने की कोशिश करेगी।
