आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार भोगपुरम टोल गेट के पास सड़क किनारे खड़ी एक लॉरी से एक एसयूवी टकरा गई। यह घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है।
विजयनगरम के पुलिस अधीक्षक ए.आर. दामोदर ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांचवां व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग मंदिर में दर्शन करके लौट रहे थे।
शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि थकान के कारण कार चालक को झपकी आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि हादसे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि लॉरी किस तरह खड़ी थी तथा उसके चालक की ओर से कोई लापरवाही बरती गई थी या नहीं। कार किस समय टोल प्लाजा से गुजरी, यह पता लगाने के लिए टोल गेट के रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को विजयनगरम, विशाखापत्तनम और पलनाडु जिलों में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों से बात कर घटनाओं की परिस्थितियों का जायजा लिया और संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों को तीनों दुर्घटनाओं की जांच करने, उनके कारणों का पता लगाने और बचाव के उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया। अन्य घटनाओं में विशाखापत्तनम जिले के भटलाजंगलपालेम टोल गेट पर एक लॉरी में आग लगने से उसके चालक और क्लीनर की केबिन में ही जलकर मौत हो गई, जबकि पलनाडु जिले के क्रोसुरु मंडल में अयप्पा भक्तों की एक कार नहर में गिरने से दो भक्तों की मौत हो गई।
