दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित यमुना अपार्टमेंट में एक कुत्ते पर तेजाब डालकर जलाने का मामला सामने आया है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने घायल कुत्ते को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की शिकायत पुलिस को दी। वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने 24 नवंबर को जांच के बाद बीएनएस की धारा 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(ए) और 11(1)(सी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, यमुना अपार्टमेंट में रहने वाले एक अधिवक्ता ने शिकायत में बताया कि 10 नवंबर को परिसर में रहने वाला एक कुत्ता गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसके शरीर पर जले हुए जैसे निशान थे। अगले दिन निवासियों ने उसे मसूदपुर स्थित पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर 14 नवंबर को कुत्ते को वसंत कुंज के अल्फा पेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पशु चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में चोटों को सामान्य आग, पटाखे या गर्म पानी से होने वाली चोटों जैसा नहीं बताया और कहा कि किसी ने तेजाब डालकर कुत्ते को जलाने की कोशिश की है। शिकायत के मुताबिक, सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में नौ नवंबर की रात दो अज्ञात व्यक्तियों की गतिविधियों पर संदेह जताया गया है। दोनों अलग-अलग समय पर आठवीं मंजिल पर एक फ्लैट की ओर जाते दिखे। इसके अलावा सातवीं मंजिल पर सफेद रंग का संदिग्ध निशान और छत पर सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायन की बोतल भी मिली है।
पुलिस से संबंधित धारा में केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने, संदिग्ध पदार्थों की जांच कराने और संबंधित लोगों से पूछताछ करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
