लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी कल अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, सपा कल दोपहर 3 बजे घोषणा पत्र जारी करेगी। सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कहा जा रहा था कि सीटों के बंटवारे के बाद दोनों पार्टियां साझा घोषणा पत्र जारी करेंगी, लेकिन गठबंधन का मामला अभी तक सुलझा नहीं है। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने अकेले पीडीए बैनर तले घोषणा पत्र जारी करने का मन बना लिया है।
सपा के कल घोषणा पत्र जारी करने को पिछले 24 घंटे में कांग्रेस के लिए अखिलेश यादव की तरफ से तीसरा झटका माना जा रहा है। सपा ने कांग्रेस को पहले सिर्फ 26 सीटों का ऑफर दिया था। इसके बाद सपा ने मंगलवार शाम को अपने 5 कैंडिडेट भी मैदान में उतार दिए। अब पता चला है कि सपा कल अपना घोषणा पत्र भी जारी कर सकती है।
सपा-कांग्रेस की सीटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में दो बार औपचारिक बैठकें हुईं। सपा ने मंगलवार को हुई दूसरी बैठक के बाद कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का ऑफर दिया, जबकि कांग्रेस ने 100 से ज्यादा सीटों पर अपनी दावेदारी जताई थी। कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें दिए जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना गया। कांग्रेस के नेताओं ने इतनी कम सीटें दिए जाने पर 'भीख' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था।
(खबर अपडेट हो रही है)
