डिलिमिटेशन बिल पर चर्चा के बीच तमिलनाडु से दो नाम सामने आए हैं। राहुल गांधी ने डिलिमिटेशन के खिलाफ साथ आने के लिए डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से अपील की थी। इसके जवाब में स्टालिन ने इतिहास का हवाला देते हुए कट्टाबोमन और एत्तप्पन का जिक्र किया। वीरपांडिय्या कट्टाबोमन 18वीं सदी के पन्चलनकुरिची के सरदार थे, जिन्होंने वर्तमान तमिलनाडु में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। उनका जन्म 3 जनवरी, 1760 को हुआ था और वह पंचालनकुरिची के पॉलीगार थे। गूगल आर्ट्स एंड कल्चर के अनुसार, 16 अक्टूबर, 1799 को कायत्थर में उन्हें पकड़कर फांसी दी गई, उस समय उनकी उम्र 39 साल थी। दूसरी ओर, एत्तप्पन का मतलब एत्तैपुरम के शासक एत्तप्पन नायक से है, जिन्हें तमिल इतिहास में धोखाधड़ी के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है। बताया जाता है कि उन्होंने कट्टाबोम्मन को ब्रिटिशों के हवाले कर दिया था। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी, लेकिन एत्तप्पन ने धोखेबाजी करते हुए कट्टाबोम्मन के ठिकाने की जानकारी अंग्रेजों को दे दी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर फांसी दे दी गई। स्टालिन ने कहा है कि तमिलनाडु और तमिल लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए डीएमके ने डिलिमिटेशन बिल के समर्थन का फैसला किया है और उनकी पार्टी इस रास्ते पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इतिहास हमें एत्तप्पन नहीं, बल्कि कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा। यह टिप्पणी राहुल गांधी की अपील के जवाब में थी, जिसमें उन्होंने इंडिया ब्लॉक का साथ देने के लिए कहा था। तीन अगस्त को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इस बिल के खिलाफ इसी तरह की अपील की थी और कहा था कि जो भी परिसीमन का समर्थन करता है वह तमिलनाडु के साथ ही उसके भविष्य के साथ भी धोखा कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि ऐसा व्यक्ति 21वीं सदी का एत्तप्पन है। गौरतलब है कि मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में सोनिया गांधी सहित शीर्ष विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल स्टालिन के चेन्नई स्थित आवास पर पहुंचा, जहां परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर चर्चा हुई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि स्टालिन परिसीमन विधेयक पर अपना रुख बदलेंगे या नहीं।