ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली की हवा फिर जहरीली हो गई है और इसका असर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में भी दिखा। बच्चों की कस्टडी से जुड़े एक मामले में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच ने दिल्ली में रहने वाले एक पिता को सलाह दी कि जब तक प्रदूषण का स्तर नहीं सुधरता, तब तक वह सिंगापुर में रह रहे अपने बेटे को दिल्ली न लाएं। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक पिता ने आरोप लगाया था कि उसकी अलग रह रही पत्नी अदालत के आदेश के खिलाफ बच्चों को सिंगापुर ले गई।

पीठ ने पिता को सुझाव दिया कि वह समय-समय पर बेटे से मिलने सिंगापुर जाए और बेटी को एक हफ्ते के लिए अपने पास बुलाए। पिता ने कहा कि अगर बेटा स्कूल की छुट्टियों में दिल्ली आ सके तो अच्छा रहेगा। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मुस्कुराते हुए कहा कि कुछ इंतजाम कीजिए, लेकिन पहले दिल्ली का एक्यूआई थोड़ा नीचे आने दीजिए, क्योंकि सिंगापुर की हवा बहुत साफ है।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि एक्यूआई से बचने के लिए उन्हें भी सिंगापुर चले जाना चाहिए। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने जवाब दिया, “अगले जन्म में। अपने अगले जन्म में।” इस टिप्पणी से कोर्टरूम का माहौल हल्का हो गया।

इस बीच बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 232 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। मंगलवार को स्तर कुछ सुधरा था, लेकिन बुधवार को यह करीब 30 अंक बढ़ गया। इस दौरान पीएम 2.5 सबसे बड़ा प्रदूषक रहा। 58 निगरानी केंद्रों में से 33 में हवा 'खराब', 20 में 'मध्यम' और पांच में 'बेहद खराब' श्रेणी में रही।