टाटा स्टील ने अमेरिका की ह्यूस्टन स्थित कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ साझेदारी कर ओडिशा के कलिंगनगर प्लांट में स्टील उत्पादन के दौरान निकलने वाली गैसों से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन बनाने की परियोजना शुरू की है। कंपनी का दावा है कि यह भारत की पहली ऐसी परियोजना होगी। इसकी प्रस्तावित क्षमता 10 टन प्रतिदिन (टीपीडी) होगी और इसमें यूटिलिटी ग्लोबल की एच-2जेन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
यूटिलिटी ग्लोबल की यह तकनीक इलेक्ट्रो-केमिकल प्रक्रिया पर आधारित है, जिसके जरिए स्टील प्लांट से निकलने वाली कार्बन मोनो-ऑक्साइड (सीओ) युक्त गैसों से हाइड्रोजन तैयार किया जाता है। कंपनी कनाडा में एक स्टील उत्पादक के ब्लास्ट फर्नेस प्लांट में वास्तविक ब्लास्ट फर्नेस गैस का उपयोग कर इस तकनीक का प्रदर्शन कर चुकी है।
फिलहाल दोनों कंपनियां परियोजना की व्यवहार्यता और तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (एफईईडी) अध्ययन करेंगी। इसके बाद टाटा स्टील का बोर्ड अंतिम निवेश निर्णय (एफआइडी) लेगा और बोर्ड की मंजूरी के बाद संयंत्र की स्थापना और परिचालन शुरू होगा।
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, न्यू मैटेरियल्स बिजनेस एंड ग्राफीन) सुबोध पांडेय ने कहा कि स्टील उद्योग में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए ऐसी तकनीकों की जरूरत है, जो बड़े पैमाने पर और मौजूदा औद्योगिक संयंत्रों की परिस्थितियों में काम कर सकें। एच-2जेन जैसी तकनीक मौजूदा बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करते हुए उत्सर्जन में कमी लाने का अवसर देती है। कंपनी ने वर्ष 2045 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसके लिए लगातार कम कार्बन वाली स्टील उत्पादन तकनीकों पर काम कर रही है।
