तमिलनाडु के मदुरै स्थित धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम की पहाड़ी पर शनिवार को 150 से अधिक वर्षों में पहली बार "दीपथून" स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यह दीप शाम पांच बजे प्रज्वलित किया गया। आयोजन हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन की मौजूदगी में हुआ। दीप जलते ही वहां जुटे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए। कई लोगों की आंखों में आंसू आ गए, फूल बरसाए गए, शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए गए तथा मंत्रोच्चार किए गए। भगवान मुरुगन के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

मिट्टी के बड़े दीपक में 30 किलोग्राम घी और पांच किलो कपूर डाला गया था, जबकि बाती करीब 50 मीटर लंबी सूती थी। सीआरपीएफ के आईजी विक्रम के अनुसार दीपथून के पास आम लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया और समारोह में चुनिंदा लोग ही शामिल थे। पहाड़ी की तलहटी में हजारों श्रद्धालु जुटे और इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। लोग पास के फ्लाईओवर, घरों और ऊंची इमारतों की छतों पर भी खड़े नजर आए।

ब्रिटिश शासन के दौरान 1862 और 1912 में किए गए प्रयासों सहित पहले की कोशिशें नाकाम रहने के बाद इस स्थान पर पहली बार दीपम जलाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि 19वीं सदी के मध्य से पहले पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दीप जलाने की कोशिश हुई थी या वहां दीप जलाया गया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध हिंदू मुन्नानी ने पिछली सदी के नौवें दशक की शुरुआत में जनमत जुटाने की पहल की थी, जिसके बाद अदालतों में कानूनी लड़ाई चली और करीब चार दशक बाद यह मुहिम सफल हुई।

सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया था और मंदिर तथा पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंपी थी। 24 नवंबर को दीपक न जलाए जाने पर शुक्रवार को कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी करते हुए गहरी नाराजगी जताई थी। उल्लेखनीय है कि तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार ने वार्षिक कार्तिगई दीपम का आयोजन "उच्ची पिल्लैयार मंडपम" में किया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था। पीएम नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भगवान मुरुगन की जय कही।

तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी तमिलनाडु के प्रमुख हिंदू तीर्थस्थलों में से एक है, जहां भगवान मुरुगन को समर्पित अरुल्मिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर है। पहाड़ी पर हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया की दरगाह और शिखर के पास एक मस्जिद भी है। यहां भूमि स्वामित्व और धार्मिक अधिकारों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। 1920 से चले आ रहे दीवानी अदालत और प्रिवी काउंसिल के फैसलों के आधार पर मद्रास हाई कोर्ट ने कहा है कि पहाड़ी के अधिकांश हिस्से का स्वामित्व मंदिर के पास है, हालांकि दरगाह और नेल्लिथोपे दफनभूमि समेत कुछ सीमांकित इलाके इसके अपवाद हैं।