उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने वर्ष 2027 की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी है। परिषदीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में अनुमोदन के बाद कुल 8113 परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं। स्कूल और छात्र जिले के अनुसार केंद्रों की जानकारी चेक कर सकते हैं, जिसके लिए सभी जिलों के पीडीएफ लिंक उपलब्ध कराए गए हैं।
बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार दोनों कक्षाओं के पहले चरण की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 जनवरी से 19 जनवरी 2027 तक और दूसरे चरण की प्रायोगिक परीक्षाएं 20 से 28 जनवरी 2027 तक आयोजित होंगी। बोर्ड की ओर से जारी टाइम टेबल के मुताबिक 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से 24 फरवरी 2027 तक कराई जाएंगी।
बोर्ड की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार इस बार हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 52,11,570 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों की जिलेवार सूची में आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर समेत सभी जनपद शामिल हैं।
