उत्तर प्रदेश की पारंपरिक करायल रेसिपी अपने अलग स्वाद के लिए पसंद की जाती है। इसमें उड़द दाल की मंगौड़ी और उसी दाल से तैयार ग्रेवी का इस्तेमाल होता है। इस सब्जी को बनाने के लिए प्याज-टमाटर की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि केवल मसालों और दाल से यह तैयार हो जाती है।

करायल बनाने के लिए एक कप धुली उड़द दाल को रातभर भिगोकर रखा जाता है। अगली सुबह दाल का पानी निकालकर उसमें हरी मिर्च और अदरक डालकर मिक्सी में गाढ़ा पेस्ट बनाया जाता है। इस पेस्ट में हल्दी, लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर, हींग और नमक मिलाकर कुछ मिनट तक फेंटा जाता है। इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करके इस पेस्ट से छोटी-छोटी मंगौड़ी तैयार की जाती हैं।

ग्रेवी के लिए 8-10 मंगौड़ी को थोड़े पानी के साथ हाथ से मैश किया जाता है। कड़ाही में तेल डालकर जीरा, सूखी लाल मिर्च, तेजपत्ता और हींग भूनी जाती है। फिर धनिया पाउडर, कुटी हरी मिर्च और नमक मिलाकर मसाला पकाया जाता है। मसाला तेल छोड़ने लगे तो उसमें मंगौड़ी का पेस्ट मिलाया जाता है। ग्रेवी में उबाल आने पर गरम मसाला और अमचूर डाला जाता है।

ग्रेवी को दो मिनट धीमी आंच पर पकाने के बाद उसमें मंगौड़ी डालकर पांच मिनट तक पकाया जाता है। अंत में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाकर परोसा जाता है।