उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे सर्दी की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है, जिसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। शनिवार को सुबह वातावरण में नमी का असर रहा, जबकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया।
राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में अधिकतम नमी 93 प्रतिशत और न्यूनतम 41 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण दोपहर में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि सुबह-शाम ठंडक बढ़ रही है।
प्रदेश के कई जिलों में रात की ठंडक राजधानी से अधिक दर्ज की गई। हरदोई में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री, कानपुर में 9.2 डिग्री और अयोध्या में 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नवंबर के आखिरी दिनों में कोहरे की दस्तक के साथ सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
ठंड बढ़ने के साथ राजधानी में हवा की गुणवत्ता एक बार फिर खराब हो गई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार पहुंच गया। वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, टाकाटोरा औद्योगिक क्षेत्र में एक्यूआई 265 दर्ज किया गया, जो सभी केंद्रों में सर्वाधिक है। लालबाग में एक्यूआई 231 और केंद्रीय विद्यालय अलीगंज में 219 रहा। बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय में एक्यूआई 186, गोमतीनगर में 100 और कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर 87 दर्ज किया गया।
