उत्तर प्रदेश में हवा की दिशा बदलने से तापमान में गिरावट का सिलसिला थमने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार सतह पर चल रही शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं की दिशा अब पुरवा हो रही है, जिससे तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि पुरवा हवाओं से वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे कोहरे का घनत्व बढ़ सकता है।

विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों में तराई क्षेत्रों और पूर्वांचल के कुछ जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। सुबह के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रह सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी और आवागमन में सावधानी बरतने की जरूरत है।

वाराणसी में शनिवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।