बिजली से जुड़े छोटे और तकनीकी उल्लंघनों के मामलों में अब जेल की सजा नहीं होगी। जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत विद्युत अधिनियम में संशोधन के बाद एक जून से ऐसे मामलों में कारावास के स्थान पर जुर्माना और समझौते (कंपाउंडिंग) का प्रावधान लागू हो गया है। बिजली चोरी, मीटर से छेड़छाड़ और जानबूझकर विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचाने के मामलों में निर्धारित शुल्क जमा कर समझौता किया जा सकेगा।
इस संबंध में यूपीपीसीएल की रेगुलेटरी अफेयर्स इकाई ने सभी बिजली वितरण कंपनियों के वाणिज्यिक निदेशकों से 30 नवंबर तक अद्यतन कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। पुराने लंबित मामलों की समीक्षा कर छोटे और गैर-धोखाधड़ी वाले मामलों को नियमानुसार बंद करने या समझौते के जरिये निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, गंभीर और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।
नए प्रावधानों के तहत सामान्य उल्लंघन पर 10 हजार से 10 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। बिजली चोरी के मामलों में औद्योगिक श्रेणी के लिए 20 हजार, वाणिज्यिक के लिए 10 हजार, कृषि के लिए दो हजार और अन्य श्रेणियों के लिए चार हजार रुपये प्रति किलोवाट/एचपी (एलटी) या केवीए (एचटी) की दर से समझौता शुल्क निर्धारित किया गया है।
