उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। बुधवार देर रात जारी आदेशों के तहत 18 आईपीएस और 12 आईएएस अधिकारियों समेत कुल 34 अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। इनमें पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो-दो अधिकारी भी शामिल हैं। यह फेरबदल निर्वाचन आयोग के उस निर्देश के अनुपालन में किया गया है, जिसमें 30 नवंबर तक एक ही स्थान पर लंबे समय से तैनात कार्मिकों के स्थानांतरण के आदेश प्रदेश सरकार को दिए गए थे।

छह जिलों में नए पुलिस कप्तान तैनात किए गए हैं। मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंह नगर, देवेंद्र पींचा को पौड़ी, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल, सरिता डोबाल को टिहरी, अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली और जगदीश चंद्र को बागेश्वर का पुलिस कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा कई अन्य आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर, श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय, सर्वेश पंवार को सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय और अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है। जितेंद्र मेहरा को पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव, अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना और विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक और शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस बनाया गया है।

शासन स्तर पर भी 17 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किए गए हैं। प्रमुख सचिव एलएन फैनई को आबकारी का जिम्मा सौंपा गया है, जबकि सचिव दिलीप जावलकर से वित्त की जिम्मेदारी वापस ली गई है। डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा बृजेश कुमार संत को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है। डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव व महानिदेशक खनन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युगल किशोर पंत को तकनीकी शिक्षा, रंजना राजगुरू को नियोजन, रीना जोशी को श्रम और विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम व अल्पसंख्यक कल्याण बनाया गया है। मनुज गोयल को अपर सचिव वित्त, मेहरबान सिंह बिष्ट को गृह और अभिनव शासन को अपर सचिव सहकारिता की जिम्मेदारी दी गई है।

आईपीएस व विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा से खेल एवं युवा कल्याण का पदभार वापस लिया गया है। पीसीएस अधिकारियों में बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास व निदेशक डेयरी तथा इलागिरी को अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले व महिला की जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा से गरिमा रौंकली को अपर सचिव वन बनाया गया है, जबकि विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वापस लिया गया है।