अल्मोड़ा में डाक विभाग के 'ढाई आखर' अभियान के तहत लोगों ने धरती माता को पत्र लिखकर प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प व्यक्त किया है। अभियान के तहत जनपद अल्मोड़ा में हिंदी और कुमाऊंनी भाषा में करीब 800 पत्र प्राप्त हुए हैं। डाक अधीक्षक जेएस बोरा के अनुसार अभियान के तहत अल्मोड़ा मंडल में अब तक करीब 800 पत्र प्राप्त हो चुके हैं।

पहले लोग अपने सगे-संबंधियों और परिचितों तक भावनाएं पहुंचाने के लिए पत्रों का सहारा लेते थे, लेकिन संचार के आधुनिक साधनों ने धीरे-धीरे पत्र लेखन की परंपरा को सीमित कर दिया है। पत्र लेखन के प्रति घटती रुचि और चिट्ठियों की पुरानी परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए डाक विभाग की ओर से ढाई आखर अभियान चलाया जा रहा है, जिससे लोगों को फिर से पत्र लेखन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस बार अभियान के तहत पत्र लेखन के लिए 'धरती माता को पत्र, प्रकृति की रक्षा का मेरा संकल्प' विषय निर्धारित किया गया है। इस विषय के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपने विचार और जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर दिया गया। पत्रों में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य को लेकर चिंता दिखाई दे रही है।

पत्रों में लोगों ने धरती के प्रति कृतज्ञता और आभार व्यक्त करने के साथ ही प्रकृति को हुए नुकसान पर आत्मचिंतन और सुधार का संकल्प भी जाहिर किया है। इनमें कृतज्ञता और आभार का भाव, आत्मग्लानि और सुधार का भाव, ठोस कर्तव्य और कर्म का भाव, आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व तथा प्रेरणा और सामूहिक प्रयास का भाव देखने को मिल रहा है।