गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने वडोदरा स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर हमले की कथित साजिश के आरोप में जैश-ए-मोहम्मद के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान असम निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरूद्दीन के रूप में हुई है। ATS अधिकारियों के अनुसार, उसके पास से एक असॉल्ट राइफल, गोला-बारूद और जैश-ए-मोहम्मद का झंडा बरामद किया गया है। एजेंसी के मुताबिक, सहरुल पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था।
अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि सहरुल राज्य के किसी महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमले की तैयारी के लिए दो-तीन दिनों के भीतर गुजरात पहुंचने वाला है। तकनीकी निगरानी और सूत्रों के जरिए इसकी पुष्टि के बाद ATS की टीमें सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल पहुंचीं, जहां होटल स्टाफ ने बताया कि एक संदिग्ध मेहमान बिना चेक-आउट किए सुबह करीब 9 बजे चला गया था। होटल रिकॉर्ड से उसकी पहचान सहरुल के रूप में हुई।
बाद में तकनीकी निगरानी से पता चला कि वह दाहोद से वडोदरा की ओर आ रहा है, जिसके बाद ATS ने हलोल-वडोदरा रोड पर गोल्डन चौकड़ी के पास नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, सहरुल को वडोदरा के बाहरी इलाके में पलदी बस स्टैंड के निकट पकड़ लिया गया। तलाशी में एक AK-47 राइफल, दो खाली मैगजीन, 23 जिंदा कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, सिम कार्ड वाले दो मोबाइल फोन और लगभग 20,000 रुपये नकद बरामद हुए।
अधिकारियों ने बताया कि फोन की शुरुआती जांच में व्हाट्सएप चैट और एयर फोर्स स्टेशन वडोदरा तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की तस्वीरें मिली हैं, जिनमें कुछ पर गेट के ऊपर लाल रंग से क्रॉस का निशान बना हुआ था। ATS के अनुसार, आरोपी ने इन जगहों को अपने 'टारगेट पॉइंट' के रूप में चिह्नित किया था। पुलिस को एयर फोर्स स्टेशन की रेकी का वीडियो, नक्शे के स्क्रीनशॉट और असॉल्ट राइफल चलाने के तरीके दिखाने वाले वीडियो भी मिले हैं। ATS ने दावा किया है कि सहरुल ने बताया कि उसे फोन खरीदने और लॉजिस्टिक सहायता के लिए 50,000 रुपये दिए गए थे और उसकी योजना हमले के बाद पाकिस्तान भागकर जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की थी। मामले में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस उसके संभावित स्थानीय संपर्कों की पहचान, फंडिंग के स्रोत का पता लगाने और यह जांचने की कोशिश कर रही है कि क्या इस कथित साजिश में कुछ और लोग भी शामिल थे।
