वैशाली जिला बिहार का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। राजापाकर और जंदाहा अंचल क्षेत्र में करीब 1300 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास 21 नवंबर को जाफरपट्टी में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। समारोह में देश के जाने-माने औद्योगिक घरानों को आमंत्रित किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार यहां बड़ी संख्या में उद्योगों की स्थापना की तैयारी कर रही है।

औद्योगिक क्षेत्र के लिए राजापाकर और जंदाहा अंचल की 11 मौजों की कुल 1234.42497 एकड़ भूमि का दखल-कब्जा 7 नवंबर को औद्योगिक विकास प्राधिकरण (आईडीए), पटना को सौंप दिया गया, जिससे भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला भू-अर्जन कार्यालय ने भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तेज की है। अब तक करीब 5,200 रैयतों से संबंधित कुल 389 करोड़ रुपये के मुआवजा भुगतान की अंतिम कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

21 नवंबर को राजापाकर में 100 एकड़ भूमि पर देश के तीसरे राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) की स्थापना की नींव भी प्रधानमंत्री के हाथों रखी जाएगी। जिले में तीन औद्योगिक क्षेत्रों को सुगम कनेक्टिविटी दी गई है। गोरौल स्थित औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर, हाजीपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर-जंदाहा एनएच 322 पर है, जबकि जंदाहा और राजापाकर का औद्योगिक क्षेत्र सिक्सलेन पुल से होते हुए आमस को जाने वाली एनएच सिक्सलेन से जोड़ा गया है।

हाजीपुर में पहले से उत्तर बिहार का पुराना औद्योगिक क्षेत्र है, जहां 100 से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं। यहां एवन साइकिल, गोदरेज एग्रो प्रोडक्ट, राकेश मसाला, ब्रिटेनिया बिस्किट और पेप्सिको जैसी कंपनियां संचालित हैं, जिनमें करीब 5 से 7 हजार लोगों को रोजगार मिल रहा है। कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की जूता फैक्ट्री के उत्पादों की मांग रूसी सेना के अलावा इटली, फ्रांस, स्पेन, ब्रिटेन और बेल्जियम जैसे देशों में है। गोरौल में बंद पड़ी चीनी मील की भूमि बियाडा को सौंपी जा चुकी है, जहां औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।