भारतीय रेलवे में सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। अक्टूबर में एक खाली वंदे भारत ट्रेन का रैक खराब ब्रेकिंग सिस्टम के बावजूद झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक करीब 463 किलोमीटर चला। रास्ते में लोको पायलटों की बार-बार चेतावनी के बाद भी ट्रेन को नहीं रोका गया। दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

यह घटना 24 अक्टूबर की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, खाली वंदे भारत चेयर कार रैक को मालगाड़ी के इंजन से झांसी ले जाया जाना था। नियमों के तहत पूरे सफर के लिए पैसेंजर ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से जोड़ना जरूरी था, लेकिन संबंधित रेलकर्मियों ने दोनों सिस्टम ठीक से नहीं जोड़े। जोन ने कहा कि पर्याप्त ब्रेक पावर के बिना ट्रेन चलाना सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। रांची के मंडल रेल प्रबंधक को विस्तृत जांच का आदेश दिया गया है।

7 नवंबर को जारी आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, हटिया से रवाना होने के बाद लोको पायलट ने ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट किया, जिसमें ब्रेक पावर कमजोर पाई गई। रांची स्टेशन पर पायलट ने लिखित शिकायत दी, लेकिन ट्रेन को उसी हाल में आगे बढ़ने दिया गया। मुरी स्टेशन पर दूसरे पायलट ने भी कंट्रोलर्स को अलर्ट किया कि प्रेशर रिलीज करने पर भी ब्रेक काम नहीं कर रहे, फिर भी ट्रेन नहीं रोकी गई। चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर जांच में पता चला कि ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम बंद थे और पूरा सफर इंजन के ब्रेक के भरोसे तय हुआ।

शुरुआती जांच में कोच एंड वैगन रखरखाव कर्मचारियों, सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स तथा हटिया से डीडीयू के बीच ट्रेन चलाने वाले क्रू को जिम्मेदार ठहराया गया है। आदेश में सवाल उठाया गया है कि रैक रवाना करने से पहले ब्रेकिंग सिस्टम की फिजिकल जांच क्यों नहीं की गई। जांच में यह भी सामने आया कि क्रू को वंदे भारत के आधुनिक ब्रेकिंग सिस्टम की पूरी जानकारी नहीं थी। जोन ने दोषी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए हैं।