वाराणसी के बनारस स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। पुरानी पार्किंग परिसर में 13 बैग और गठरियों से अलग-अलग प्रजाति के ये कछुए बरामद हुए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पूछताछ में दोनों की पहचान सुल्तानपुर जनपद के हनुमानगंज अंतर्गत पकड़ी निवासी मनीषा और सपना के रूप में हुई। आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार दोनों महिलाएं सुल्तानपुर से सड़क मार्ग से बनारस स्टेशन पहुंची थीं और पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। वे अपनी गोद में छोटे-छोटे बच्चों के साथ बैठी थीं। सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। बच्चों को साथ रखकर तस्करी की बात सामने आने पर टीम भी हैरान रह गई।

आरपीएफ ने बरामद कछुए वन विभाग के हवाले कर दिए हैं। वन विभाग कछुओं की प्रजाति और उनकी स्थिति की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कछुए कहां से लाए गए थे तथा पश्चिम बंगाल में किसे सौंपे जाने थे।