वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानदीप एकेडमी की 12 वर्षीय छात्रा स्नेहा मिश्रा की मौत के मामले में पुलिस ने होस्टल वार्डन और प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार सुबह कक्षा 7 की छात्रा ने होस्टल की छत से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट मिला था।

पुलिस के अनुसार, सीवान से आए परिवार के सामने शव की जांच के दौरान स्नेहा की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में अध्यापक शैलेश यादव, जो मूल रूप से बलिया के रहने वाले हैं, और होस्टल वार्डन प्रीति मिश्रा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। आरोपों के मुताबिक, दोनों अक्सर छात्रा के लुक्स और पहनावे को लेकर टिप्पणी करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। पिता तारकेश्वर मिश्रा ने बताया कि स्नेहा ने इन बातों की जानकारी अपनी मां को भी दी थी।

एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि पिता के आने के बाद पुलिस ने परिजनों से बात की और उन्हें सुसाइड नोट दिखाकर लिखित तहरीर ली। पिता से बातचीत के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि स्नेहा बेहद परेशान थी।

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रीति मिश्रा और शैलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेजा जा रहा है। इन धाराओं में आरोप साबित होने पर दस साल तक की सजा हो सकती है।