आज उद्योगपति वालचंद हीराचंद का जन्मदिन है। 23 नवंबर 1882 को जन्मे वालचंद वालचंद ग्रुप के संस्थापक थे। उन्होंने भारत का पहला आधुनिक शिपयार्ड, पहली विमान फैक्ट्री और पहली कार फैक्ट्री स्थापित की। इसके अलावा उन्होंने मैसूर के शाही परिवार के सदस्य महाराजा जयाचामाराजेंद्र वाडियार के साथ मिलकर भारत की पहली रक्षा कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की शुरुआत की, जिसे पहले हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट लिमिटेड कहा जाता था। मैसूर के दीवान सर मिर्जा इस्माइल ने भी इस कंपनी को सहारा दिया। इन तीन दूरदर्शी लोगों की कोशिशों से ही भारत 1940 के दशक में एयरक्राफ्ट बनाने वाली कंपनी स्थापित कर सका।

वालचंद ने मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां, गन्ने के खेत, चीनी मिलें, कन्फेक्शनरी कंपनियां, इंजीनियरिंग कंपनियां और कई अन्य व्यवसाय भी शुरू किए। अपने पिता के बैंकिंग और कपास के पारिवारिक कारोबार में कुछ साल बिताने के बाद उनकी उसमें रुचि नहीं रही। उन्होंने रेलवे के पूर्व क्लर्क लक्ष्मणराव बलवंत फाटक के साथ रेलवे निर्माण का काम शुरू किया, जो बाद में 'फाटक-वालचंद प्राइवेट लिमिटेड' बन गया। वालचंद सफल रेलवे ठेकेदार साबित हुए, लेकिन अन्य व्यावसायिक विचारों के लिए भी तैयार रहते थे। वे अपनी महत्वाकांक्षा और दूरदृष्टि के लिए जाने जाते थे। उनके कुछ आलोचकों ने उन्हें 'सपने देखने वाला' कहा।

उनकी शुरू की गई HAL आज लड़ाकू विमान, सिविल एविएशन, हेलीकॉप्टर, अंतरिक्ष के लिए कुछ उत्पाद और कई सेगमेंट की एक्सेसरीज बनाती है। HAL अपने एक नए डिवीजन के जरिए ISRO के एयरोस्पेस लॉन्च व्हीकल और सैटेलाइट के लिए जरूरी स्ट्रक्चर बना रही है। वालचंद के नाम पर पुणे में एक इंडस्ट्रियल टाउनशिप भी है, जिसे वालचंदनगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के लिए हेवी इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में जाना जाता है।

सरदार वल्लभभाई पटेल ने उन्हें ऐसा देशभक्त उद्योगपति बताया था, जिनका जीवन विपरीत परिस्थितियों पर दृढ़ता की जीत का उदाहरण था। डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा था कि वालचंद एक स्वप्नदृष्टा, दूरदर्शी, महान निर्माता और उद्योग जगत के बड़े नेता थे और सबसे बढ़कर एक देशभक्त थे। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने उन्हें एक शब्द में रचनात्मक प्रतिभा कहा था।