भोपाल में खेले जा रहे महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के मुकाबले में भारत और मलेशिया की टीमें आमने-सामने हैं। सलीमा टेटे की कप्तानी में उतरी भारतीय टीम जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहती है। मैच का पहला हाफ समाप्त हो चुका है और तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू हो गया है। पहले हाफ तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर है।
मलेशिया ने मुकाबले का पहला गोल करते हुए बढ़त बनाई थी। उनके लिए नूरमिराह ज़ुल्किफली ने गोल किया। इसके बाद भारतीय टीम ने वापसी की और मुमताज खान ने गोल दागकर स्कोर बराबर किया। बताया गया है कि दोनों गोल खेल के 20वें मिनट में हुए। पहले हाफ में मलेशियाई टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत को कड़ी चुनौती दी।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अब तक तीन बार जीता है। टीम ने पहला खिताब 2016 में जीता था, जबकि 2023 और 2024 में भी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारत पिछले दो संस्करणों का विजेता रहा है और अब उसकी नजरें लगातार तीसरे खिताब पर हैं। मलेशिया अब तक एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सका है।
टूर्नामेंट में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो राउंड रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। हर टीम पांच मैच खेलेगी, जिसके बाद नॉकआउट मुकाबले होंगे। भारत और मलेशिया के बीच यह मुकाबला भोपाल में भारतीय समयानुसार शाम 4:35 बजे शुरू हुआ।
