यमुना नदी में कचरा फेंकने से रोकने पर एक शख्स के भड़कने और कंटेंट क्रिएटर को बेसबॉल बैट दिखाकर धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोपी शख्स सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर नदी में कचरा फेंकने जाता दिख रहा है। इस दौरान वहां मौजूद कंटेंट क्रिएटर कमल चौधरी ने उससे ऐसा करने की वजह पूछी। शख्स ने ज्योतिष का हवाला देकर ऐसा करने की बात कही। कमल ने पास लगे बोर्ड की ओर इशारा करते हुए बताया कि नदी में कचरा डालना मना है और नियमों का पालन न होने पर नदी साफ करना मुश्किल होगा।
वीडियो के मुताबिक, यह सुनते ही शख्स भड़क गया और कंटेंट क्रिएटर को वहां से जाने को कहा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी तथा चुनौती देते हुए कहा कि वह उसे कैसे रोकेगा। कमल के शांति से समझाने की कोशिश के बावजूद शख्स नहीं माना। जब कमल बाइक स्टार्ट कर वहां से जाने लगा, तो शख्स ने उसे आवाज देकर रोका। इसके बाद उसने जूते पहने, हाथ में पकड़ी थैली कार की पिछली सीट पर रखी और गाड़ी की डिक्की से बेसबॉल बैट निकालकर उसकी ओर बढ़ने लगा। यह देख कमल बाइक से वहां से निकल गया और जाते समय शख्स को बताया कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
घर पहुंचने के बाद कमल चौधरी ने वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि यमुना पहले से प्रदूषण की मार झेल रही है और सरकार बार-बार लोगों से नदी में कूड़ा न डालने की अपील करती है, लेकिन कुछ लोग इसकी परवाह नहीं करते। कमल ने कहा कि उन्होंने यह वीडियो किसी से लड़ने के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के लिए साझा किया है। उन्होंने लिखा कि यमुना हम सबकी है और इसे बचाना भी सबकी जिम्मेदारी है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दिल्ली पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर किए जा रहे एक दावे के मुताबिक, कचरा फेंकने वाले शख्स की पहचान गौरव बत्रा के रूप में हुई है और वह एक कंपनी में ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट के पद पर हैं।
