उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल के पंचुर यमकेश्वर स्थित आवास पर सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस लीं। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं और योगी के पैतृक गांव में अपने छोटे बेटे के साथ रहती थीं।

मां के निधन की खबर मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कर्तव्य पर डटे रहे। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें दुखद समाचार मिल चुका था, लेकिन उन्होंने अपने दर्द को दबाकर गोरखपुर में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में जाने का फैसला किया, जहां हजारों छात्र-छात्राएं टैबलेट पाने का इंतजार कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों को टैबलेट बांटे और यूपी के विकास पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने चेहरे पर गम का कोई भाव नहीं आने दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से हाथ में टैबलेट लेकर खुशी व्यक्त करने को कहा और उनके साथ सेल्फी भी ली।

संन्यासी जीवन चुनने वाले योगी आदित्यनाथ लंबे समय तक परिवार से दूर रहे, लेकिन मां से उनका विशेष लगाव रहा। इसी साल जून में सावित्री देवी के ऋषिकेश एम्स में भर्ती होने पर सीएम उनसे मिलने पहुंचे थे। 2022 में भी करीब पांच साल बाद घर पहुंचने पर उनकी मां से मुलाकात चर्चित रही थी।

सार्वजनिक जीवन में कर्तव्य को निजी सुख-दुख से ऊपर रखने की मिसाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पेश की थी। दिसंबर 2022 में उनकी मां हीराबेन के निधन के बाद अंतिम संस्कार के तुरंत बाद उन्होंने तय सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। अब योगी आदित्यनाथ के इस कदम की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है।