पणजी: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने रविवार को गोवा में 'क्या बोलती गोवा' अभियान की शुरुआत की। यह सीजेपी के देशव्यापी अभियान 'क्या बोलती पब्लिक' का हिस्सा है। इस मौके पर दिपके ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की तारीफ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि नेहरू के बिना हमारे पास इंटरनेट और ये सब डिवाइस होते। इस बयान पर सोशल मीडिया पर दिपके की आलोचना की जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में कहा जा रहा है कि इंटरनेट 1969 में विकसित हुआ था, जबकि नेहरू जी का निधन 1964 में हो गया था।

आलोचना पर दिपके ने एक्स पर जवाब दिया है। उन्होंने लिखा है कि अगर नेहरू जी ने आधुनिक भारत की नींव न रखी होती और आईआईटी जैसे संस्थान स्थापित करके वैज्ञानिक व तकनीकी प्रगति को बढ़ावा न दिया होता, तो आज भारत टेक-सेवी देश नहीं बन पाता। उन्होंने कहा कि क्लिप्स को काट-छांट कर पेश करना और संदर्भ को तोड़-मरोड़ कर पेश करना बंद करें।

पणजी के कंवेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिपके ने कहा कि वे यहां सत्ता में आने के लिए नहीं आए हैं और न ही किसी पार्टी को जिताने। उन्होंने कहा कि वे एक ऐसा भारत चाहते हैं जहां हिंदू, मुस्लिम और ईसाई बिना किसी भेदभाव के साथ रहें और अपने-अपने धर्म का पालन करें।

दिपके ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन करती है। उन्होंने अपील की कि लोग धर्म और जाति से ऊपर उठकर उन मुद्दों पर फोकस करें जिनका प्रभाव रोज की जिंदगी पर पड़ता है।