आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में कंपनियों के बीच आगे निकलने की होड़ तेज है। बड़ी टेक कंपनियां डेटा सेंटर, महंगे चिप और कंप्यूटिंग क्षमता पर अरबों डॉलर खर्च कर रही हैं। इस बीच टेस्ला और xAI के प्रमुख एलन मस्क ने चेतावनी दी है कि साल 2027 में AI इंडस्ट्री को भारी नकदी संकट का सामना करना पड़ सकता है।

मस्क के मुताबिक, AI के लिए कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना आसान नहीं है। कंपनियों को चिप और कंप्यूटिंग क्षमता के लिए पहले ही भुगतान करना पड़ता है, जबकि डेटा सेंटर को चालू करके भरोसेमंद तरीके से काम करने लायक बनाने में कई महीने लग सकते हैं। इस दौरान कमाई नहीं होती, लेकिन खर्च जारी रहता है। मस्क ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां से आएगी।

इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) के अनुमान के मुताबिक, बड़े डेटा सेंटर ऑपरेटर साल 2026 में पूंजीगत खर्च के तौर पर 700 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च कर सकते हैं। इसका बड़ा हिस्सा नए डेटा सेंटर बनाने पर लगेगा। चुनौती यह है कि कंपनियां इस इंफ्रास्ट्रक्चर से कमाई कितनी जल्दी शुरू कर पाती हैं। परियोजनाओं में देरी होने पर कंपनियों को निर्माण और संचालन का खर्च उठाने के लिए अतिरिक्त पूंजी जुटानी पड़ सकती है।

जुलाई में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, विश्लेषकों के अनुमानों के आधार पर बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियों का पूंजीगत खर्च साल 2027 तक उनकी कुल फ्री कैश फ्लो से ज्यादा हो सकता है। ऐसे में कंपनियों को कर्ज लेना पड़ सकता है या दूसरे स्रोतों से पैसा जुटाना पड़ सकता है। मस्क की चेतावनी इसी जोखिम की ओर इशारा करती है। नकदी संकट बढ़ने पर टेक शेयरों में निवेश करने वालों और आम यूजर्स पर असर पड़ सकता है। कंपनियां पेड AI टूल्स और क्लाउड सेवाओं की कीमतें बढ़ा सकती हैं, जबकि फ्री वर्जन पर सीमाएं लग सकती हैं।